नर्मदापुरम। शहर के इतवारा बाजार में दुकानों के बाहर लगे एसी आउटडोर यूनिट्स से कीमती पार्ट्स गायब करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने न केवल मुख्य आरोपी को दबोचा, बल्कि चोरी का सामान खरीदने वाले शख्स को भी गिरफ्तार कर 90,000 रुपये की मशरूका बरामद की है।
क्या था मामला?
बीती 24 दिसंबर को ग्वालटोली निवासी संजय रुसिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि इतवारा बाजार स्थित उनकी दुकानों से अज्ञात बदमाशों ने एसी के आउटडोर यूनिट्स तोडक़र उनके कीमती आंतरिक पार्ट्स और जालियां चोरी कर ली हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से जाल बिछाया। पुलिस ने परवेज खान निवासी रामगंज को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल किया।
आरोपी ने बताया कि उसने चोरी के पार्ट्स शेख मुस्ताक को बेच दिए थे। पुलिस ने मुस्ताक को भी पकडक़र उसके पास से 06 एसी जालियां और अन्य पार्ट्स बरामद किए हैं।
इस सफलता में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक कंचन सिंह, सउनि संजय रघुवंशी, प्र.आर. रितेश यदुवंशी और आरक्षक पंकेश, अजमेश, आशीष, वैभव व हरीश की सराहनीय भूमिका रही।









