इटारसी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लाइव टीवी डिबेट में कथित तौर पर गोली मारने की धमकी दिए जाने के मामले में, मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवा दल यंग ब्रिगेड ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी के निर्देश पर, इटारसी नगर पुलिस थाने में सेवादल के पदाधिकारियों ने पहुँचकर एफआईआर दर्ज करने के लिए पाँच अलग-अलग आवेदन दिए।
पाँच आवेदन, एक मांग
कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी आज बड़ी संख्या में इटारसी थाना परिसर पहुँचे। सेवादल यंग ब्रिगेड प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी के लेटर हेड पर एक प्रमुख आवेदन सहित, नर्मदापुरम जिलाध्यक्ष अमित गुप्ता, यंग ब्रिगेड नर्मदापुरम जिलाध्यक्ष शुभम वालिया, इटारसी नगर अध्यक्ष करन भदोरिया और यंग ब्रिगेड नगर अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास ने पुलिस को आवेदन सौंपे।
यह है मामला
केरल में एक टीवी डिबेट के दौरान केरल भाजपा प्रवक्ता (पूर्व एबीवीपी पदाधिकारी) पिंटू महादेव द्वारा कथित तौर पर राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी देने से संबंधित है। प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी ने इस धमकी को अति चिंताजनक बताया। उनका कहना है कि पूर्व में भी महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे गांधी परिवार के सदस्यों की हत्या हो चुकी है। यह धमकी गोडसेवादी विचारधारा का प्रतीक है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
पुलिस का रुख और सेवादल की नारेबाजी
पुलिस अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए सेवादल के पदाधिकारियों को बताया कि एफआईआर वहीं दर्ज होगी जहाँ घटना हुई है (केरल)। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्राप्त किए गए पाँचों आवेदन संबंधित थाना क्षेत्र (केरल) में कार्रवाई के लिए भेजे जाएँगे। जवाब में, बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने थाना परिसर में पिंटू महादेव की गिरफ्तारी और एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान “राहुल गांधी जिंदाबाद” के नारे भी लगाए गए।विरोध प्रदर्शन और आवेदन देने वालों में प्रमुख रूप से महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष नेहा चावरे, संतोष गुरयानी, सुरेंद्र पाल सिंह भाटिया, पूर्व पार्षद मुन्ना सिद्दीकी, राजेंद्र जोशी, पार्षद दिलीप गोस्वामी, अमित कापरे सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।









