- स्वामी अमृतानन्द की प्रथम पुण्य स्मृति में देश के प्रख्यात विद्वान होंगे सम्मिलित
इटारसी। परोपकारिणी सभा द्वारा संचालित महर्षि दयानन्द गुरुकुल आश्रम, ग्राम जमानी में आगामी मार्च माह में भव्य वार्षिकोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। यह त्रि-दिवसीय कार्यक्रम स्वामी अमृतानन्द की प्रथम पुण्य स्मृति को समर्पित रहेगा, जिसके उपलक्ष्य में पावन यजुर्वेद पारायण महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
आश्रम समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वार्षिकोत्सव का आयोजन 20, 21 और 22 मार्च शुक्रवार, शनिवार और रविवार को किया जाएगा। इन तीन दिनों तक आश्रम परिसर वैदिक मंत्रों की गूंज और आध्यात्मिक चर्चाओं से सराबोर रहेगा।
इस महायज्ञ और वार्षिकोत्सव में ज्ञान की सरिता बहाने के लिए देश के विभिन्न कोनों से आमंत्रित विद्वान पधार रहे हैं, इनमें स्वामी ऋतस्पति गुरुकुल नर्मदापुरम, पं. धीरेन्द्र पाण्डेय जबलपुर, ब्रह्मचारी अरुण आर्यवीर मुम्बई और आचार्य कपिल शर्मा हरिद्वार अपने ओजस्वी व्याख्यानों और वैदिक पद्धति से महायज्ञ संपन्न कराकर श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे।









