इटारसी। शहर के प्राचीन एवं सिद्ध श्री हनुमान धाम मंदिर ओवरब्रिज परिसर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के प्राकट्योत्सव राम नवमी और संकटमोचन हनुमान जी के जन्मोत्सव को लेकर भव्य तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार को मंदिर परिसर में आयोजित समिति की बैठक में तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों की रूपरेखा तैयार की गई और सेवादारों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। पूरे उत्सव के दौरान मंदिर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया जाएगा। समिति ने धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
धार्मिक आयोजनों का विस्तृत शेड्यूल
- 27 मार्च (राम नवमी) : दोपहर 12 बजे भगवान श्री राम का प्राकट्योत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर विशेष महाआरती होगी और श्रद्धालुओं को लस्सी व पंजीरी का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
- 31 मार्च (हनुमान प्राकट्योत्सव) : मंगलवार को शाम 4 बजे मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जबलपुर से आए कलाकार देवी-देवताओं की जीवंत झांकियों का प्रदर्शन करेंगे। ढोल-नगाड़ों और अखाड़ों के साथ यह चल समारोह नगर भ्रमण कर पुन: मंदिर पहुंचेगा।
- 01 अप्रैल (अभिषेक एवं रामायण पाठ) : सुबह 10 बजे से अखंड रामायण पाठ प्रारंभ होगा। इसी रात 12 बजे से मां नर्मदा के जल से हनुमान जी के विग्रह का अभिषेक और विशेष श्रृंगार अनुष्ठान किया जाएगा।
- 02 अप्रैल (भंडारा एवं समापन) : रामायण पाठ के समापन पर महाआरती होगी और शाम को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने के लिए आयोजित बैठक में मुख्य रूप से मंदिर समिति के सेवादार लखन बेस, समाजसेवी विश्वनाथ सिंघल, पुजारी पंडित नरेंद्र तिवारी, पवन बोहरा, पूर्व नपा अध्यक्ष रवि जायसवाल, संजय नगरिया, आरडी रघुवंशी, पार्षद राकेश जाधव, सुनील जैन, ऋषि दुबे, मनोज सारन, भविष्य सारन, राजकुमार केलु उपाध्याय, अरविंद व्यास, शैलेंद्र ठाकुर, बाबूलाल कैथवास, सत्येंद्र अवस्थी, बंटी लांबा, अशोक अग्रवाल, जयराज सिंह भानु, विशाल जैन, नारायण सिंह पटारिया, पंकज शर्मा और अंशुल सहगल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।









