सिवनी मालवा। श्री ज्ञानरत्न अकादमी में वार्षिक परंपरा के अनुसार तीन दिवसीय खेल उत्सव का शनिवार से भव्य आगाज हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर, नपा अध्यक्ष रितेश जैन, शाला प्रबंधक राजेंद्र जैन एवं प्रतिभा जैन द्वारा सरस्वती पूजन व दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
मशाल प्रज्वलन और ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने अनुशासित परेड और मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य-गायन की प्रस्तुतियां दीं। पहले दिन शतरंज, वॉलीबॉल और खो-खो जैसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने जबरदस्त उत्साह और खेल भावना का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर ने खेल भावना की सराहना के साथ ही बच्चों को साइबर अपराधों के प्रति सजग किया। उन्होंने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के टिप्स साझा किए।
शाला प्रबंधक राजेंद्र जैन और प्रतिभा जैन ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन और टीम भावना पैदा करते हैं। नपा अध्यक्ष रितेश जैन ने भी बच्चों को शिक्षा के साथ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या रीना लुईस ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, विद्यार्थी और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।









