इटारसी। तवा डैम का जलस्तर लगातार बढ़ रही बारिश के कारण खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। वर्तमान में डैम का जलस्तर 1165.80 फीट दर्ज किया गया है। जलस्तर को नियंत्रित करने और बांध की सुरक्षा बनाए रखने के लिए, तवा परियोजना संभाग के कार्यपालन यंत्री ने आज सुबह एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया।
आज, 10 सितंबर 2025 को, सुबह 7:30 बजे से तवा डैम के तीन गेट 5.00 फीट तक खोल दिए गए हैं। इन गेटों से कुल 26,034 क्यूसेक अतिरिक्त पानी तवा नदी में छोड़ा जा रहा है। इस निकासी के कारण तवा और नर्मदा नदियों का जलस्तर बढऩे की संभावना है। प्रशासन ने नदी के किनारे बसे गांवों के लोगों के लिए अति आवश्यक सूचना जारी की है, जिसमें उन्हें सतर्क रहने और नदी के पास बिल्कुल न जाने की चेतावनी दी गई है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
जिले में वर्षा की स्थिति
जिले की विभिन्न तहसीलों में दर्ज बारिश
- बनखेड़ी : 16.4 मिमी (कुल 1494.0 मिमी)
- पिपरिया : 8.2 मिमी (कुल 1322.6 मिमी)
- इटारसी : 4.4 मिमी (कुल 1174.2 मिमी)
- सिवनी मालवा : 3.0 मिमी (कुल 1055.0 मिमी)
- माखन नगर : 3.0 मिमी (कुल 802.0 मिमी)
- नर्मदापुरम : 1.0 मिमी (कुल 1326.7 मिमी)
- सोहागपुर : 32.0 मिमी (कुल 1316.0 मिमी)
- डोलरिया : 0.0 मिमी (कुल 998.5 मिमी)
- पचमढ़ी : 88.3 मिमी (कुल 1769.2 मिमी)
पचमढ़ी में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि डोलरिया में कोई बारिश नहीं हुई। जिला प्रशासन ने लोगों से नदियों के किनारे न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।









