इटारसी। पहाड़ों और कैचमेंट एरिया में हो रही लगातार बारिश के कारण तवा बांध के तीन गेट खोल दिए गए हैं। इससे पहले केवल एक गेट से पानी छोड़ा जा रहा था, लेकिन अब जलस्तर बढऩे के कारण यह संख्या तीन कर दी गई है। इन गेटों को 5-5 फीट खोला गया है।
बांध के जलस्तर में बढ़ोतरी
शाम 7 बजे तक तवा बांध का जलस्तर 355.42 मीटर (लगभग 1166 फीट) दर्ज किया गया, जबकि बांध का पूर्ण जलस्तर 355.40 मीटर है। बांध अपनी पूरी क्षमता के साथ भर चुका है, जिसमें 1949 मिलियन क्यूबिक मीटर पानी है। आज हुई 31 मिलीमीटर बारिश के बाद कुल संचयी वर्षा 1201.80 मिलीमीटर तक पहुंच गई है।
बांध में औसत पानी की आवक (इनफ्लो) 950 क्यूमेक्स (लगभग 33,550 क्यूसेक) है, जबकि स्पिलवे से 737 क्यूमेक्स (लगभग 26,026 क्यूसेक) पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा, पावर हाउस से भी 104 क्यूमेक्स (लगभग 3,672 क्यूसेक) पानी का बहाव हो रहा है।
तवा नदी में कुल 841 क्यूमेक्स (लगभग 29,697 क्यूसेक) पानी छोड़ा जा रहा है। बैतूल और पचमढ़ी में हो रही बारिश के कारण तवा के कैचमेंट एरिया में पानी की आवक लगातार बनी हुई है। प्रशासन ने निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया है।









