इटारसी। पुलिस प्रशासन में उत्कृष्ट सेवा और मानवीय दृष्टिकोण की एक नई मिसाल पेश करते हुए एफआरवी-8 की टीम को सम्मानित किया है। रात्रि गश्त के दौरान तत्परता दिखाते हुए तीन बालिकाओं को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने वाले चालक नीलेश पठारिया और हेड कॉन्स्टेबल संतोष मालवीय के कार्य की सराहना हो रही है।
क्या थी घटना?
विगत दिनों रात्रि गश्त के दौरान एफआरवी-8 की टीम को तीन बालिकाएं सड़क पर असुरक्षित स्थिति में मिली थीं। मामले की संवेदनशीलता और समय की गंभीरता को देखते हुए ड्राइवर नीलेश पठारिया और हेड कॉन्स्टेबल संतोष मालवीय ने बिना विलंब किए बालिकाओं को अपनी सुरक्षा में लिया। टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए उन्हें उनके परिजनों तक सकुशल पहुंचाया, जिससे एक संभावित अप्रिय घटना टल गई।
एसपी ने थपथपाई पीठ, सौंपा प्रशंसा पत्र
पुलिसकर्मियों की इस सजगता और सेवा भाव का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक साईंकृष्ण एस थोटा ने टीम के लिए विशेष प्रशंसा पत्र जारी किया। आज टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने अपने कार्यालय में ड्राइवर नीलेश पठारिया को यह प्रशंसा पत्र भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस कार्य से पुलिस विभाग के प्रति आम जनता के विश्वास में बढ़ोतरी हुई है।
संकट में सहायता ही हमारा धर्म
इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि पुलिस का असली उद्देश्य केवल अपराध रोकना ही नहीं, बल्कि संकट में फंसे नागरिकों की सहायता करना भी है। नीलेश और संतोष ने इस उत्तरदायित्व को बखूबी निभाकर विभाग का मान बढ़ाया है।









