इटारसी। माध्यमिक शिक्षा मण्डल, मध्यप्रदेश ने डीएलएड द्वि-वर्षीय पाठ्यक्रम मुख्य परीक्षा 2026 का आधिकारिक कार्यक्रम घोषित कर दिया है। मंडल द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, प्रथम और द्वितीय वर्ष दोनों की परीक्षाएं 10 जून से शुरू होकर 27 जून तक चलेंगी।
परीक्षा का समय और महत्वपूर्ण निर्देश
मण्डल ने स्पष्ट किया है कि प्रथम और द्वितीय वर्ष दोनों की परीक्षाएं प्रात: 8 बजे से 11 बजे के मध्य होंगी। परीक्षार्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे समय सारणी को भली-भांति नोट कर लें। यदि परीक्षा के दौरान कोई सार्वजनिक अवकाश घोषित होता है, तब भी परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार ही होंगी।
डीएलएड प्रथम वर्ष परीक्षा कार्यक्रम
प्रथम वर्ष की मुख्य परीक्षाएं 10 जून से शुरू होकर 25 जून तक संचालित होंगी। 10 जून को बाल्यावस्था एवं बाल विकास, 12 जून समसामयिक भारतीय समाज में शिक्षा, 15 जून पूर्व प्राथमिक शिक्षा एवं प्रबंधन, 17 जून भाषा बोध एवं प्रारंभिक भाषा विकास, 19 जून पाठ्यचर्या, शिक्षा शास्त्र एवं मूल्यांकन, 22 जून क्षेत्रीय भाषा शिक्षण हिन्दी/मराठी/उर्दू/संस्कृत, 24 जून गणित शिक्षण, 25 जून को पर्यावरण अध्ययन शिक्षण विषय के पेपर होंगे।
डीएलएड द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 10 जून से 27 जून तक चलेंगी। 10 जून संज्ञान अधिगम और बाल विकास, 12 जून समाज शिक्षा और पाठ्यचर्या बोध, 15 जून शिक्षा में समावेशी एवं जेंडर मुद्दे, 17 जून शालेय संस्कृति, नेतृत्व और शिक्षक विकास, 19 जून अंग्रेजी में प्रवीणता, 22 जून योग शिक्षा, 24 जून पर्यावरणीय अध्ययन शिक्षण, 27 जून वैकल्पिक विषय शिक्षण सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी, गणित या विज्ञान शिक्षण के पेपर होंगे।
मण्डल ने प्रदेश के समस्त मान्यता प्राप्त शासकीय एवं अशासकीय संस्थानों के प्राचार्यों को आदेश दिया है कि वे इस परीक्षा कार्यक्रम को नोटिस बोर्ड पर चस्पा करें। साथ ही, कक्षा अध्यापकों के माध्यम से प्रत्येक परीक्षार्थी तक इसकी जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित करें। प्रायोगिक परीक्षाओं की तिथियों के लिए छात्रों को अपने संबंधित संस्थान के प्राचार्य से संपर्क करने को कहा गया है।









