इटारसी। शासन के निर्देशानुसार आज नगर पालिका परिषद इटारसी में मद्य निषेध संकल्प दिवस एवं मौन धारण दिवस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज को नशा मुक्त बनाने और नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
2 मिनट का मौन और संकल्प की शक्ति
नगर पालिका कार्यालय में सुबह ठीक 11 बजे सायरन बजाया गया, जिसके पश्चात सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने 2 मिनट का मौन धारण किया। मौन के उपरांत उपस्थित जनों को नशीले पदार्थों से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
नशे के सामाजिक और शारीरिक दुष्प्रभावों पर चर्चा
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती रितु मेहरा ने इस अवसर पर कर्मचारियों और नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा मद्यपान केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को सामाजिक, शारीरिक और मानसिक रूप से नष्ट कर देता है। श्रीमती मेहरा ने लोगों को नशा छोडऩे के लिए प्रेरित किया और संकल्प पत्र भरवाए।
विविध गतिविधियां
आयोजन के दौरान जागरूकता संबंधी अन्य गतिविधियां भी आयोजित की गईं। संकल्प पत्रों के माध्यम से कर्मचारियों ने नशा मुक्ति के अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का वादा किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नशीले पदार्थों के खिलाफ एक सशक्त वातावरण तैयार करना रहा।









