इटारसी। किसानों को खाद वितरण में हो रही परेशानी के बीच, खाद गोदाम इटारसी से एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। 14 जुलाई 2025 को जिन किसानों को टोकन बांटे गए थे, उनमें से टोकन नंबर 331 से 400 तक के किसानों को गुरुवार, 28 अगस्त 2025 को यूरिया खाद का वितरण किया जाएगा।
एसडीएम टी. प्रतीक राव ने बताया कि खेड़ा स्थित गोदाम से इन टोकन नंबर के किसानों को यूरिया दिया जाएगा। उन्होंने अन्य टोकन वाले किसानों से अनावश्यक रूप से परेशान होकर गोदाम पर न आने की अपील की है।
किसानों की परेशानी बरकरार
इन दिनों यूरिया प्राप्त करने के लिए किसानों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। पर्याप्त यूरिया उपलब्ध होने के सरकारी दावों के बावजूद, दूर-दराज से आने वाले किसान घंटों लाइन में खड़े होने के बाद भी कई बार खाली हाथ लौट जाते हैं।
किसानों ने मांग की है कि खाद का वितरण सहकारी समितियों के माध्यम से किया जाए, ताकि उनकी परेशानी कम हो सके। भले ही प्रशासन गोदामों में पर्याप्त स्टॉक होने के दावे करे, लेकिन वितरण प्रणाली में खामियों के कारण किसानों को लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है।









