इटारसी। कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकली किसान जागृति यात्रा कल इटारसी की सड़कों पर अपनी ताकत दिखाएगी। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले निकाली जा रही यह यात्रा दोपहर 12 बजे स्थानीय जयस्तंभ चौक पर एक जनसभा में तब्दील होगी। इस महापंचायत में नर्मदापुरम सहित हरदा और नरसिंहपुर जिले से लगभग एक हजार किसानों के जुटने की संभावना है।
100 वाहनों का काफिला निकलेगा
किसान जागृति यात्रा बीती रात ही बैतूल से इटारसी पहुंच चुकी है। आज सुबह 11 बजे फोरलेन स्थित सनखेड़ा रोड शंकर मंदिर से रैली का आगाज होगा। शंकर मंदिर पुरानी इटारसी, ओवरब्रिज, सिटी पुलिस थाना, रेलवे स्टेशन, आरएमएस चौराहा, जयस्तंभ चौक से यात्रा गुजरेगी। रैली में लगभग 100 चार पहिया वाहनों का काफिला शामिल रहने की जानकारी दी गई है।
पंजाब से तमिलनाडु तक के दिग्गज एक मंच पर
क्रांतिकारी किसान मजदूर संगठन के जिला अध्यक्ष हरपाल सिंह सोलंकी के अनुसार, इस सभा में देश के सबसे बड़े किसान चेहरे शामिल हो रहे हैं इनमें सरदार जगजीत सिंह डल्लेवाल पंजाब, के. शांता कुमार कर्नाटक, अभिमन्यु कोहार हरियाणा, पीआर पाण्डेय तमिलनाडु, इन्द्रजीत पन्नीवाला राजस्थान और लीलाधर सिंह राजपूत मध्यप्रदेश शामिल रहेंगे।
स्वामीनाथन रिपोर्ट पर आर-पार
किसानों ने सरकार की घेराबंदी के लिए 11 सूत्री मांगों का मसौदा तैयार किया है, जिनमें 8 बिंदु सबसे अहम हैं, सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सुनिश्चित करने हेतु वैधानिक प्रावधान स्वामीनाथन फार्मूला फार्मूले के तहत फसलों के दाम तय हो, आत्महत्याओं को रोकने के लिए किसानों का बकाया ऋण माफ करने की दिशा में ठोस कदम, 2013 का कानून पुन: लागू हो, जिसमें 75 फीसद किसानों की सहमति अनिवार्य हो, गन्ना 600 रुपये/क्विंटल समर्थन मूल्य और 14 दिनों के भीतर भुगतान हो।
इनका कहना है…
हमारा नाम भले ही क्रांतिकारी संगठन है, लेकिन हम पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने में विश्वास रखते हैं। हम प्रशासन और जनता को आश्वस्त करते हैं कि कोई अप्रिय स्थिति नहीं होगी।
- हरपाल सिंह सोलंकी, जिलाध्यक्ष क्रांतिकारी किसान मजदूर संगठन









