इटारसी। शहर के भारतीय खाद्य निगम गोदाम परिसर में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां काम करने वाले दो मजदूर हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आ गए। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया, जिसका निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
लोहे की सीढ़ी ले जाते समय हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच की है। मजदूर राजेंद्र प्रताप कमल और संतराम चौधरी काम के दौरान लोहे की एक बड़ी सीढ़ी उठाकर एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जा रहे थे। इसी दौरान लोहे की सीढ़ी ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों से टकरा गई। सीढ़ी में करंट उतरने से दोनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
एक की मौत, दूसरा अस्पताल में भर्ती
हादसे में राजेंद्र प्रताप कमल 45 वर्ष, निवासी न्यू यार्ड, की करंट लगने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उनके साथी संतराम चौधरी 43 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इटारसी के एक निजी अस्पताल ले जाया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मजदूरों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठाए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह हादसा प्रबंधन की लापरवाही से हुआ या कोई तकनीकी चूक थी।







