रीतेश राठौर, केसला। कल दोपहर सुखतवा नदी में बहे दो लोगों में से एक, 55 वर्षीय हरिप्रसाद राठौर का शव आज सुबह एसडीआरएफ की टीम ने नदी से बरामद कर लिया है। दुखद बात यह है कि टीम अभी भी उनके 5 वर्षीय पोते हर्षू राठौर की तलाश में जुटी हुई है।
यह दिल दहला देने वाली घटना कल, 5 सितंबर को उस समय हुई थी जब दादा-पोते घर से नदी में नहाने का कहकर निकले थे। करीब 1:30 बजे वे सुखतवा नदी में नहाने गये, और लापता हो गए। परिजनों द्वारा खोजबीन शुरू करने पर नदी के किनारे उनके कपड़े, गमछा और चप्पल मिले थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए थे। हालांकि, कल शाम तक उन्हें कोई सफलता नहीं मिल पाई थी। आज सुबह से ही एसडीआरएफ की विशेष टीम ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद, टीम को हरिप्रसाद राठौर का शव नदी के निचले हिस्से में मिला।
फिलहाल, बचाव दल अपने पूरे प्रयास के साथ हर्षू की तलाश में लगा हुआ है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और सभी लोग मासूम बच्चे की सुरक्षित वापसी की कामना कर रहे हैं।









