इटारसी। न्यू यार्ड वंदना हॉल क्षेत्र में स्थित रेलवे के विद्युत सब-स्टेशन में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने सब-स्टेशन में लगे एक अतिरिक्त (एक्स्ट्रा) ट्रांसफार्मर से लाखों रुपये मूल्य का तेल (ऑइल) चोरी कर लिया।
रेलवे आरपीएफ थाने से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। हालांकि, आरपीएफ ने यह स्पष्ट किया है कि तेल चोरी होने के बावजूद रेलवे के परिचालन या किसी भी विद्युत कार्य पर फिलहाल कोई असर नहीं पड़ा है।
सुरक्षा पर सवाल
स्थानीय निवासियों ने इस घटना के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि सब-स्टेशन के आसपास ऊंची झाडिय़ां होने और कम रोशनी की वजह से चोरों को चोरी करने में आसानी हुई। यह स्थान सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील है, और ऐसी घटना भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को जन्म दे सकती है।
स्थानीय लोगों ने रेलवे पुलिस बल से इस क्षेत्र की सुरक्षा कड़ी करने, झाडिय़ों की कटाई करने और रोशनी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है ताकि इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। आरपीएफ का कहना है कि वे जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें पकडऩे का प्रयास कर रहे हैं।









