रितेश राठौर, केसला। केसला के आदर्श एकलव्य आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) भरगदा में गुरुवार देर रात एक आदिवासी छात्र के साथ हुई मारपीट की घटना ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रावास में हुई इस घटना के बाद पीडि़त छात्र के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला?
घटना गुरुवार रात करीब 11:30 बजे की है, जब 12वीं कक्षा के कुछ छात्रों ने नौवीं कक्षा के एक छात्र पर चोरी का आरोप लगाते हुए उसे बेरहमी से पीटा। पीडि़त छात्र ने अपने पिता के साथ केसला थाने में दर्ज कराई एफआईआर में बताया कि उसे बेल्ट और प्लास्टिक पाइप से मारा गया। एफआईआर के अनुसार, यह मारपीट वार्डन की मौजूदगी में हुई, जब छात्रों ने उसे कमरे में ले जाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
एफआईआर रुकवाने की कोशिश की
घटना की जानकारी मिलने पर स्कूल की प्रिंसिपल, अधीक्षक और अन्य स्टाफ थाने पहुंचे। उन्होंने पीडि़त छात्र के परिजनों से एफआईआर दर्ज न कराने का आग्रह किया, लेकिन परिवार अपनी शिकायत पर कायम रहा और न्याय की मांग करते हुए मामला दर्ज कराया।
लगातार घटनाओं से अभिभावकों में गुस्सा
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि नए स्टाफ के आने के बाद से विद्यालय में लगातार अप्रिय घटनाएं हो रही हैं। हाल ही में एक और घटना सामने आई थी, जब छात्राओं को पीटीआई द्वारा दोपहर की तेज धूप में दौडऩे की सजा दी गई थी, जिसके कारण कई बच्चियों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि उस मामले को भी प्रबंधन ने दबाने का प्रयास किया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से अभिभावकों में स्कूल प्रबंधन के प्रति काफी नाराजी है और वे अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में विद्यालय की प्राचार्य मीनू नायर का कहना है कि मुझे सुबह जानकारी मिली तो मैंने तुरंत मीटिंग बुलाई और चारों छात्रों को उनके अभिभावकों सहित बुलाया। छात्रों के कमरों और सामान की जांच कराई। कई बच्चों ने लिखित में बताया कि पहले भी कुछ छोटे बच्चों ने पैसे चोरी होने की शिकायत की थी। इस वजह से वरिष्ठ छात्रों ने खुद पूछताछ करने की कोशिश की, जो गलत तरीके से हुई। विद्यालय ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है और सभी तथ्य पुलिस को उपलब्ध कराए जाएंगे।









