इटारसी | वन विभाग की टीम ने अवैध शिकार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो शिकारियों को जंगली सूअर के मांस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मातापुरा उपपरिक्षेत्र के बीट टांगना के कंपार्टमेंट नंबर पीएफ-169 में की गई।
डिप्टी रेंजर ऋषि कुलपारिया ने बताया कि विभाग को क्षेत्र में अवैध शिकार की सूचना मिली थी। घेराबंदी के दौरान शुक्रवार को टीम ने मंगल पिता पुन्नू और दिनेश पिता छोटे लाल (दोनों निवासी ग्राम टांगना) को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 7 किलो जंगली सूअर का मांस बरामद हुआ।
न्यायालय ने भेजा जेल
वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर शनिवार को दोनों आरोपियों को इटारसी न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों शिकारियों को जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के शिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।









