इटारसी। पश्चिम मध्य रेल, भोपाल मंडल ने त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और मांग को देखते हुए रानी कमलापति-दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन में दो अतिरिक्त कोच स्थायी रूप से जोडऩे का निर्णय लिया है। इस वृद्धि से यात्रियों को कुल 136 अतिरिक्त सीटों/बर्थों का लाभ मिलेगा।
अतिरिक्त कोचों का विवरण और लाभ
यात्री सुविधा के लिए यह कदम दीवाली और छठ पर्व के अवसर पर अतिरिक्त यात्री यातायात को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। इसमें एक कोच वातानुकूलित 3 टियर श्रेणी का और एक कोच स्लीपर श्रेणी का स्थायी रूप से जोड़ा गया है। इससे वातानुकूलित 3 टियर में 64 सीटें/बर्थ तथा स्लीपर कोच में 72 सीटें/बर्थ बढ़ाई हैं, कुल 136 अतिरिक्त सीटें/बर्थ का लाभ यात्रियों को मिलेगा।
रानी कमलापति से 7 अक्टूबर 2025 से शुरू होने वाली यात्राओं के लिए, दानापुर से 8 अक्टूबर 2025 से शुरू होने वाली यात्राओं के लिए यह सुविधा रहेगी। अतिरिक्त कोचों की वृद्धि के बाद, इस ट्रेन में अब कुल 24 कोच हो गए हैं। यह ट्रेन नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, बक्सर एवं आरा में स्टापेज लेगी।






