इटारसी। नगर पालिका परिषद के तत्वावधान में चल रहे दशहरा महोत्सव के तहत, श्री द्वारिकाधीश मंदिर में आज, 29 सितंबर से दो दिवसीय रासलीला महोत्सव का भव्य आयोजन शुरू हो रहा है। यह महोत्सव कल 30 सितंबर तक चलेगा।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे ने बताया कि इस दौरान वृंदावन की प्रसिद्ध रासलीला मंडली ‘श्री बालकृष्ण लीला संस्थान’ के कलाकार, भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को मंच पर जीवंत अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे।
पहले दिन होगी बाल लीलाओं की प्रस्तुति
रासलीला महोत्सव के पहले दिन, यानी आज (29 सितंबर) को भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का मनमोहक मंचन किया जाएगा।
इन प्रसंगों में का होगा मंचन
माता यशोदा और श्रीकृष्ण के मध्य मधुर संबध : माता और पुत्र के बीच के अलौकिक प्रेम और वात्सल्य के दृश्यों को दर्शाया जाएगा।
श्रीकृष्ण की माखन चोरी : नटखट कन्हैया द्वारा गोपियों के घरों से माखन चुराने और उनकी शरारतों को दिखाया जाएगा।
ऊखल बंधन और मनुहार : श्रीकृष्ण की नादानियों से परेशान होकर माता यशोदा द्वारा उन्हें ऊखल (मूसल) से बांधना, और फिर बालकृष्ण का ऊखल से छूटने के लिए माता से मनुहार करना जैसे भावपूर्ण प्रसंग दर्शकों को भावुक करेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने समस्त नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे श्री द्वारिकाधीश मंदिर परिसर में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाली इस अलौकिक रासलीला का आनंद लेने के लिए सपरिवार अवश्य पधारें।









