इटारसी। शहर के व्यस्ततम बंगला मैदान में सोमवार शाम क्रिकेट खेलने की बात पर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बात मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस कायमी करते हुए मामले दर्ज किए हैं।
पहला पक्ष : नाबालिग पर बैट से हमला
पुरानी बाजार निवासी कन्हैयालाल रैकवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका 17 वर्षीय बेटा राजवीर रैकवार शाम करीब 6:30 बजे मैदान में था। तभी वहां मौजूद दूसरे पक्ष के युवक धु्रव ने विवाद करते हुए राजवीर को गंदी गालियां दीं और क्रिकेट बैट से हमला कर उसे घायल कर दिया। आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
दूसरा पक्ष : हाथ-मुक्कों से मारपीट का आरोप
वहीं, दूसरी ओर न्यास कॉलोनी झुग्गी बस्ती निवासी 22 वर्षीय धु्रव दोहरे पिता देवेन्द्र दोहरे ने भी मामला दर्ज कराया है। धु्रव का आरोप है कि शाम करीब 6 बजे जब वह बंगला मैदान में था, तब राजवीर रैकवार ने क्रिकेट खेलने की बात को लेकर उसके साथ विवाद किया और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। धु्रव ने भी आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इटारसी पुलिस ने दोनों ही मामलों में शिकायतें दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।








