इटारसी। औद्योगिक क्षेत्र खेड़ा स्थित साईं कृष्ण रिसॉर्ट के पास रविवार शाम प्रशासन ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। तहसीलदार, माइनिंग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर रेत से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं।
कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर चालक ने भागने का प्रयास किया, जिससे असंतुलित होकर ट्रॉली का टायर फट गया। हालांकि, मुस्तैद टीम ने उसे मौके पर ही रोक लिया। जब्त वाहनों को इटारसी थाने में खड़ा कराया गया है। पुलिस के अनुसार, एक ट्रैक्टर के पास रॉयल्टी होने का दावा किया गया है, जिसकी तकनीकी जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध उत्खनन और परिवहन पर यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।









