इटारसी | गांधी स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय ‘उम्मीद 2026’ दिव्यांगजन व्हीलचेयर एवं स्टैंडिंग क्रिकेट प्रतियोगिता का बुधवार को गरिमामय समापन हुआ।
दिव्यांग दुनिया इटारसी द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के जज्बे ने दर्शकों का दिल जीत लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद तालिका में प्रथम स्थान पर नर्मदापुरम संभाग, द्वितीय स्थान पर भोपाल संभाग और तृतीय स्थान इंदौर संभाग रहा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ये खिलाड़ी समाज के लिए प्रेरणापुंज हैं।
डॉ. शर्मा ने भविष्य में इटारसी में और भी भव्य दिव्यांग खेल आयोजनों के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।आयोजन को सफल बनाने में विनीत यादव, बाबूलाल यादव, नितेश यादव सहित पूरी आयोजन समिति का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ठाकुर ने सभी सहयोगियों और प्रदेश भर से आए खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।









