इटारसी। सड़क सुरक्षा अंतर्गत वाहन चालकों को किसी भी दुर्घटना से बचाने पुलिस ने हाईवे के चिह्नित स्थानों पर रेडियम लगाने का काम किया है। टीआई गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में पुलिस की यातायात टीम ने खेड़ा से इसकी शुरुआत की और पुरानी इटारसी शनि मंदिर के पास तक रोड के डिवाइडर के मध्य रेडियम लगाये।
टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने कहा कि शहर में खेड़ा से पुरानी इटारसी तक दो तीन पाइंट चिह्नित किये हैं, जहां आज रेडियम लगाये हैं। कुछ अन्य स्थान भी हैं, जहां रेडियम लगाये जाएंगे। आमजन से भी यदि कोई स्थान की जानकारी मिलेगी जहां आमतौर पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, वहां भी रेडियम लगाये जाएंगे।
वाहनों पर लगायेंगे
टीआई श्री बुंदेला ने कहा कि अक्सर रोड किनारे अंधेरे में खड़े रहने वाले वाहनों से भी दुर्घटना होती रहती है, इसलिए हम आगामी दिनों में कृषि उपज मंडी में आने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों में भी रेडियम लगाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि सड़कों पर दुर्घटना रोकने पुलिस यह प्रयास कर रही है, जिसमें नागरिकों का भी सहयोग अपेक्षित है।
जागरुकता कार्यक्रम चलाते
यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक सुनील घावरी का कहना है कि आमजन से जानकारी लेकर और पिछले दिनों हुईं दुर्घटनाओं को देखते हुए खेड़ा में साईं कृष्णा के सामने तथा पुरानी इटारसी में शनि मंदिर के सामने रेडियम लगाये हैं। इसके अलावा हम जनसमूह से चर्चा करके उनको यातायात नियमों की जानकारी देकर ट्रैफिक नियमों का पालन करने जागरुक करते हैं।









