इटारसी। देश में एलपीजी गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में आज युवा कांग्रेस ने पुरानी इटारसी में एक अनोखा और तीखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के पुराने बयान पर तंज कसते हुए नाले में पाइप डालकर गैस निकालने का प्रयास किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सरकार की विफलता पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि आज आम जनता को एक सिलेंडर के लिए घंटों लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है। पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जायसवाल ने कहा कि देश में सिलेंडर को लेकर हाहाकार मचा है, लेकिन सरकार राहत देने में पूरी तरह विफल रही है। युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष गौरव चौधरी ने कहा, एक तरफ जनता संकट में है और दूसरी तरफ नाली से गैस निकालने जैसी फिजूल बातें की जाती हैं। सरकार बुनियादी मुद्दों पर खरी नहीं उतर रही। युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष सौम्य दुबे ने कहा, दो देशों की लड़ाई का खामियाजा भारत की जनता भुगत रही है। हालात इतने बुरे हैं कि अब होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की नौबत आ गई है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोल्डी बैस ने कहा, भाजपा सरकार इतिहास की सबसे कमजोर सरकार साबित हुई है। विश्व में कहीं भी कुछ होता है, तो उसका सीधा बोझ देश की गरीब जनता पर डाल दिया जाता है। कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष, सिवनी मालवा विकास राजपूत ने कहा कि सरकार जिम्मेदारी लेने के बजाय केवल भ्रम फैलाने का काम कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस की किल्लत दूर नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में एनएसयूआई प्रदेश महासचिव प्रतीक मालवीय, जिला अध्यक्ष मयंक चौरे, विक्रमादित्य तिवारी, आदिवासी कांग्रेस नगर अध्यक्ष समीर परते, पार्षद दिलीप गौस्वामी, अंजलि कलोसिया, सीमा भदौरिया सहित मनीष चौधरी, मोनी चंद्रवंशी, पप्पी कलोसिया, आशीष परदेशी, मो. आमिर, उत्कर्ष गालर, प्रणय मिश्रा, रजत महलहा, सचिन तिवारी और बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस व एनएसयूआई के कार्यकर्ता उपस्थित थे।









