इटारसी। गणेश उत्सव की धूम पूरे इटारसी में छाई हुई है। घरों और पंडालों में स्थापित होने वाली गणेश प्रतिमाओं को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है। इसी क्रम में, मालवीयगंज स्थित गुप्ता होटल के संचालक मनीष गुप्ता के घर पर स्थापित गणेश प्रतिमा के लिए एक अनोखी और मनमोहक झांकी सजाई गई है, जो सभी का ध्यान खींच रही है।
मनीष गुप्ता के पुत्र आदित्य गुप्ता ने अपने छोटे भाई-बहनों आरव गुप्ता और अनिका गुप्ता के सहयोग से यह झांकी तैयार की है। गणेश प्रतिमा के पीछे भारतीय तिरंगा लगाया गया है, जो देशभक्ति का संदेश दे रहा है। वहीं, प्रतिमा के ठीक सामने ड्रीम्स 11 स्टेडियम की एक बहुत ही बारीकी से बनाई गई झांकी सजाई गई है।
इस झांकी में क्रिकेट मैदान के लगभग सभी दृश्यों को शामिल किया गया है, जैसे कि मैदान में रखी ट्रॉफी, क्रिकेट खेलते खिलाड़ी, बाउंड्री पर लगे विज्ञापन बोर्ड, जगमगाती लाइटें, दर्शक दीर्घा आदि। इस रचनात्मक प्रयास ने पारंपरिक गणेशोत्सव में आधुनिकता का एक नया रंग भर दिया है।









