- दिल्ली में हुई घटना के बाद इटारसी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी टीआई बल के साथ कर रहे जांच
इटारसी। देश की राजधानी दिल्ली में हुए एक कार धमाके के बाद, मध्य प्रदेश के प्रमुख जंक्शन इटारसी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था तत्काल प्रभाव से बढ़ा दी गई है। गवर्नमेंट रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है, जिसे ‘ऑपरेशन विजिलेंस’ नाम दिया गया है।
हर यात्री, हर सामान पर पैनी नजर सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेशन पर आने-जाने वाले हर संदिग्ध व्यक्ति पर पैनी नजर रखनी शुरू कर दी है। प्लेटफार्मों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। यात्रियों के सामान की तलाशी के लिए डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर का उपयोग बढ़ाया गया है। स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वारों पर जीआरपी जवानों को तैनात कर ट्रेन में चढऩे वाले और उतरने वाले सभी यात्रियों की गहन जांच की जा रही है।
स्टेशन परिसर, पार्किंग क्षेत्र और रेल पटरियों के आस-पास विशेष रूप से गश्त की जा रही है। यात्री सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों से मिले अलर्ट के बाद शुरू की गई है। इटारसी जंक्शन देश के सबसे व्यस्ततम रेल मार्गों में से एक है, इसलिए यहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
इस सघन जांच का उद्देश्य किसी भी अवांछित गतिविधि को रोकना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि वे चेकिंग अभियान में सहयोग करें और यदि उन्हें कोई भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तत्काल इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दें।









