इटारसी। विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति इकाई ने नवरात्र के पावन अवसर पर आज मालवीयगंज स्थित शिव शक्ति रूद्र मंदिर में शस्त्र पूजन का आयोजन किया। मातृशक्ति बहनों ने शक्ति की आराधना करते हुए शस्त्र पूजन के महत्व को बताया। पूजन विधि विधान से संपन्न हुआ।
सर्वप्रथम शस्त्रों पर गंगाजल छिड़ककर उन्हें पवित्र किया गया। इसके बाद हल्दी-कुमकुम का तिलक लगाकर, मौली बांधकर, धूप-दीप और अक्षत-पुष्प अर्पित किए गए। पूजन के उपरांत, सभी उपस्थित बहनों ने महिषासुर मर्दिनी माता का पूजन किया और उनके समक्ष सामूहिक रूप से दुर्गा चालीसा का पाठ किया। कार्यक्रम का समापन माता रानी की आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
इस अवसर पर जिला संयोजिका तरुणा सोनी ने कहा कि शस्त्र पूजन सनातन संस्कृति और परंपरा का एक अभिन्न अंग है। यह शक्ति, सुरक्षा और विजय का प्रतीक है। कार्यक्रम में तरुणा सोनी के साथ कार्यकारिणी बहनों में ज्योति गोहिया, प्रीति मालवीय, अन्नू चौरे, वैष्णवी मालवीय, रमा यादव, आशा साहू, माया यादव, माया सराठे, हेमा राजपूत, लक्ष्मी सहित अन्य मातृशक्ति और दुर्गावाहिनी की सदस्य उपस्थित रहीं।









