सिवनी मालवा। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के उपलक्ष्य में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा स्थानीय जय स्तंभ चौक पर एक कार्यक्रम आयोजित कर नगर के 2100 शिवभक्त परिवारों को नि:शुल्क पूजन सामग्री का वितरण किया गया।
भक्तिमय वातावरण में हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूज्य यज्ञाचार्य पंडित पुनीत दुबे, विहिप प्रांत सह धर्माचार्य संपर्क प्रमुख शिव राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीति शुक्ला और अन्य वरिष्ठ गणमान्य नागरिकों द्वारा भगवान श्री रामचंद्र जी की पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
धर्म और सेवा का संगमकार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने धर्म और सेवा के इस समन्वय की सराहना की। पंडित पुनीत दुबे ने कहा कि शिव और पार्वती का अर्चन करने वाला अनंत कोटि पुण्य प्राप्त करता है। महाशिवरात्रि शिव-शक्ति के मिलन का महापर्व है। प्रीति शुक्ला भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा, शिवभक्तों के लिए नि:शुल्क पूजन सामग्री उपलब्ध कराना विहिप की वास्तविक जनसेवा और वंदनीय कार्य है।
ऋषिकांत पटवा पूर्व जिला प्रचारक ने कहा कि आज के आधुनिक दौर में जहां पूजन सामग्री आसानी से सुलभ नहीं होती, वहां विहिप का यह नि:शुल्क प्रयास बधाई का पात्र है। प्रवीण अवस्थी विहिप जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि हमारा संकल्प सनातन संस्कृति के उत्सवों को दिव्यता और भव्यता प्रदान करना है।
कार्यक्रम का संचालन विहिप नगर अध्यक्ष डॉ. सौरभ रघुवंशी ने किया। इस अवसर पर रघुवीर सिंह राजपूत, स्वाति गौर, शैलेंद्र गौर, जितेंद्र जमींदार, प्रशांत यादव, बजरंग दल नगर संयोजक भूरू बग्गन, और बानापुरा अध्यक्ष ओमप्रकाश कुशवाह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और मातृशक्ति उपस्थित रही।









