इटारसी। नगर के समीपवर्ती ग्राम सनखेड़ा में इन दिनों भक्ति की अविरल धारा बह रही है। प्रतिष्ठित सेठ परिवार के देवदास साहू देवा सेठ द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आध्यात्मिक लाभ ले रहे हैं।
इंदौर के प्रसिद्ध वक्ता द्वारा कथा वाचन आयोजन के मुख्य वक्ता इंदौर से पधारे सुप्रसिद्ध धर्म प्रवर्तक एवं भागवत मार्तंड विजय कृष्ण शास्त्री हैं। वे अपनी ओजस्वी वाणी और सरल व्याख्या के माध्यम से श्रद्धालुओं को कृष्ण भक्ति और जीवन के नैतिक मूल्यों से परिचित करा रहे हैं। कथा के दौरान भगवान की विभिन्न लीलाओं का जीवंत वर्णन सुनकर पांडाल भावविभोर हो रहा है।
श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर विशेष सम्मान
कथा के मध्य श्री कृष्ण जन्म के पावन अवसर पर एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। श्रीमती लक्ष्मी बाई कोदू लाल साहू चुनावाला चैरिटेबल ट्रस्ट इटारसी की ओर से रमेश के. साहू एडवोकेट ने कथा व्यास विजय कृष्ण शास्त्री एवं मुख्य आयोजक देवदास साहू का भावभीना सम्मान किया। कथा का शुभारंभ 21 नवंबर को कलश यात्रा के साथ हुआ, सात दिवसीय इस आध्यात्मिक महोत्सव का समापन 27 नवंबर को भंडारे और महाप्रसाद वितरण के साथ होगा।









