इटारसी। ग्राम पथरौटा में स्थित देशी-विदेशी कंपोजिट शराब दुकान को आबादी क्षेत्र से हटाने की मांग एक बार फिर जोर पकडऩे लगी है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में तहसील कार्यालय पहुँचे ग्रामवासियों ने एसडीएम नीलेश शर्मा को ज्ञापन सौंपकर दुकान का स्थान परिवर्तन करने की मांग की।
मंदिर जाने वाली महिलाओं से अभद्रता का आरोप
ग्रामीणों द्वारा सौंपे पत्र के अनुसार, रूपाली सोनी के नाम से संचालित इस शराब दुकान के समीप ही राजर्षि दुबे ने एक अन्य दुकान खोली है, जहां लोग अवैध रूप से बैठकर शराब पीते हैं। दुकान मंदिर के रास्ते पर स्थित है, जिससे सुबह-शाम दर्शन के लिए जाने वाली महिलाओं को शराबियों की अश्लील टिप्पणियों और अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने इस स्थिति का विरोध किया, तो संबंधित संचालकों द्वारा उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।
आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने बताया कि करीब आठ माह पूर्व भी इस संबंध में प्रशासन को अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई उचित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने एसडीएम से मांग की है कि जनहित में इस शराब दुकान को हाईवे से दूर किसी अंदरूनी स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि जल्द ही दुकान का स्थान नहीं बदला गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर ग्राम पथरौटा के अनेक युवा और बुजुर्ग ग्रामीण उपस्थित रहे जिन्होंने सामूहिक रूप से हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपा।









