इटारसी। क्षेत्र में बिजली व्यवस्था बिगड़ने से गुस्साए लगभग 40-50 ग्रामीणों ने आज दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक नयाचीचा-तवानगर मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण खेती-किसानी, पेयजल और घरेलू कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
पिपरिया कला और बागरातवा क्षेत्र के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली कंपनी के अधिकारियों को बार-बार शिकायतें करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला। प्रदर्शनकारियों ने मांग की थी कि विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर ठोस कार्रवाई की जानकारी दे, तभी चक्काजाम समाप्त होगा।
विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, केसला ब्लॉक के जेई सुखलाल मस्कोले ने बताया कि ग्राम नयाचीचा में मुख्य रूप से बिजली बिल जमा न होने के कारण आपूर्ति काटी गई थी। अन्य ग्रामीणों की समस्या जल्द हल करने का आश्वासन दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही तवानगर थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। ग्रामीणों द्वारा कुछ दिनों में बिल जमा करने का आश्वासन दिए जाने के बाद बिजली कंपनी ने तत्काल लाइन जोड़ दी और चक्काजाम समाप्त हुआ।









