इटारसी। शासन के निर्देशानुसार जिले में दस्तक अभियान वर्ष 2025-26 का दूसरा चरण तेजी से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को ग्राम नजरपुर ब्लॉक केसला में स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की संयुक्त टीम द्वारा टीकाकरण सत्र और स्वास्थ्य परीक्षण का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान 9 माह से 5 वर्ष तक के 22 बच्चों को विटामिन ए की दवा पिलाई गई। कुल 14 बच्चों का एनीमिया परीक्षण किया गया, ताकि समय पर उपचार सुनिश्चित हो सके। एएनएम वैशाली मेहरा, आशा कार्यकर्ता दुर्गा धुर्वे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता उइके और सहायिका इंदरबाई ने सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दीं।
महिला बाल विकास पर्यवेक्षक कंचन सदेले ने बताया कि 17 फरवरी से 19 मार्च तक चलने वाले इस दूसरे चरण का मुख्य लक्ष्य बाल मृत्यु दर में कमी लाना और बच्चों को रतौंधी जैसी बीमारियों से बचाना है। उन्होंने माता-पिता से अपील की है कि वे अपने बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए उन्हें समय पर विटामिन ए की खुराक अवश्य दिलवाएं।









