इटारसी। लगातार तीन मैच में कोई भी गोल स्कोर नहीं करने वाले नर्मदांचल के युवा एवं प्रतिभावान खिलाड़ी विवेक सागर (Vivek Sagar) प्रसाद ने आज अत्यंत मजबूत और रियो ओलिंपिक में स्वर्ण पदक विजेता अर्जेन्टीना (gold medalist argentina) के खिलाफ एक गोल करके अपने निजी गोल खाते के सूखे को समाप्त किया। भारतीय हॉकी टीम के युवा मिडफील्डर विवेक सागर ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में अर्जेंटीना के खिलाफ हॉकी मैच में शानदार गोल दागकर भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विवेक की इस उपलब्धि से नर्मदांंचल सहित पूरा प्रदेश गौरवान्वित है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने विवेक को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश के बेटे पर पूरे देश को गर्व है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि विवेक अपने प्रदर्शन में निरंतरता के जरिए ओलंपिक में भारत की जीत के ध्वज को ऐसे ही थामे रहेंगे।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया (Youth Welfare Minister Yashodhara Raje Scindia) ने विवेक सागर को शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा है कि मध्य प्रदेश के लिए यह गर्व का क्षण है। राज्य हॉकी अकादमी के विवेक सागर ने टोक्यो ओलंपिक में गत चैंपियन अर्जेंटीना के खिलाफ खेलते हुए दूसरा गोल दाग कर भारतीय टीम को क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बनाने में महत्वपूर्ण योगदान किया है। विवेक के पिता रोहित प्रसाद ने बताया कि जिस क्षण विवेक ने विरोधी टीम के खिलाफ गोल दागा, वे क्षण उनके लिए बहुत अधिक खुशी का था। पूरे परिवार के आंखों में खुशी के आंसू थे। विवेक की माता कमला देवी ने बताया कि विवेक हमेशा वीडियो कॉल पर आशीर्वाद लेकर ही मैच खेलने जाता है। आज सुबह 3:30 बजे उसने आशीर्वाद लिया और कहा कि गोल दाग के आऊंगा। विवेक के गोल से भारतीय टीम के जीतने से वो बहुत खुश हैं।
https://twitter.com/ChouhanShivraj/status/1420640852431413249?s=20
उल्लेखनीय है की 29 जुलाई को खेले गए अपने चौथे ग्रुप मैच में अंतिम क्वार्टर में किए दो शानदार गोलों की मदद से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मौजूदा ओलंपिक चैम्पियन अर्जेंटीना को 3-1 से हरा दिया। भारत की यह चार मैचों में तीसरी जीत है। अब उसके खाते में 9 अंक हो गए हैं और वह अपने ग्रुप-ए में आस्ट्रेलिया (12) के बाद मजबूती से दूसरे क्रम पर विराजमान है। भारतीय टीम का अगले दौर में जाना तय हो गया है। भारत के लिए वरुण कुमार ने 43वें, विवेक सागर प्रसाद ने 58 वें और हरमनप्रीत सिंह ने 59वें मिनट में स्कुथ मिनट में गोल किए। अर्जेटीना के लिए एकमात्र गोल 48 वें कासेला ने किया।
विवेक सागर प्रसाद की उपलब्धियां
होशंगाबाद जिले की इटारसी तहसील के ग्राम चांदौन के शिवनगर में मध्यम वर्गीय परिवार में जन्मे शिक्षक रोहित प्रसाद के बेटे विवेक सागर ने वर्ष 2018 में फोर नेशंस टूर्नामेंट, कॉमनवेल्थ गेम्स, चैम्पियन ट्राफी, यूथ ओलम्पिक, न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज, एशियन गेम्स तथा वर्ष 2019 में अजलान शाह हाकी टूर्नामेंट, आस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज और फाइनल सीरीज भुवनेश्वर जैसी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। विवेक सागर को यूथ ओलम्पिक में बेस्ट स्कोरर और फाइनल सीरीज भुवनेश्वर में बेस्ट जूनियर प्लेयर अवार्ड से भी नवाजा गया। एशियाड 2018 में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाली भारतीय टीम में शामिल मिडफिल्डर हॉकी खिलाड़ी विवेक 62 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, जिन्हे वर्ष 2018 में मध्य प्रदेश शासन द्वारा एकलव्य अवार्ड से सम्मानित किया गया है।








