इटारसी। हाल ही में एशिया कप जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य विवेक सागर का गुरुवार को उनके गृह नगर इटारसी में जोरदार स्वागत किया गया। हॉकी नर्मदापुरम के सदस्यों ने विवेक सागर के निवास पर पहुंचकर उन्हें उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर, हॉकी नर्मदापुरम के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह तोमर, साजिद मलिक, इदरीस खान, आशीष शर्मा, सर्वजीत सिंह सैनी, दीपू बेस और शफीक कुरैशी जैसे प्रमुख सदस्य उपस्थित थे। उन्होंने विवेक सागर को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उनकी सफलता पर गर्व व्यक्त किया।
विवेक सागर ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत पूरी टीम की कड़ी मेहनत का नतीजा है। उन्होंने भविष्य में भी देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने की प्रतिबद्धता दोहराई। यह पल इटारसी के लिए गौरवपूर्ण था।









