पांच किलोमीटर के सफर में कई जगह स्वागत
इटारसी। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी प्लेयर्स और भारतीय हॉकी टीम (Indian hockey team) के सितारे विवेक सागर प्रसाद का आज उनके अपने नगर में ऐतिहासिक स्वागत किया गया। विवेक सागर प्रसाद के साथ उनके पिता रोहित प्रसाद सागर और भाई विद्यासागर प्रसाद भी थे। विवेक सागर का स्वागत जुलूस कृषि उपज मंडी (Krashi Upaj Mandi) में मां दुर्गा की पूजा अर्चना के बाद प्रारंभ हुआ। जुलूस के आगे भविष्य के खिलाड़ी नन्हें बच्चे हाथ में हॉकी लेकर चल रहे थे। कई जगह बच्चों ने हॉकी लहराते हुए डांस भी किया। विवेक के साथ खुली जीप में मप्र तैराकी संघ के अध्यक्ष पीयूष शर्मा (Piyush Sharma, President of Swimming Association), हॉकी मप्र के महासचिव लोक बहादुर (Hockey MP General Secretary Lok Bahadur), हॉकी होशंगाबाद के अध्यक्ष प्रशांत जैन (Hockey President Prashant Jain), शिरीष कोठारी (Shirish Kothari) सहित अन्य खिलाड़ी भी रहे।
मंडी से आतिशबाजी के साथ प्रारंभ जुलूस का पहला स्वागत खेड़ा पर अरब बाबा वर्कशाप पर किया गया। विवेक को फूल मालाओं से लाद दिया गया। इसके बाद कुछ ही दूरी पर यादव समाज के युवा और बुजुर्गों ने न सिर्फ स्वागत किया बल्कि विवेक को आशीर्वाद भी दिया। खेड़ा से जब औद्योगिक क्षेत्र के पास आए तो यहां उद्योग संघ के पदाधिकारियों ने ऋषि इंडस्ट्रीज के सामने स्वागत किया। यहां के बाद काफिला आगे चला तो काली मंदिर के पास भाटिया रोड लाइंस पर ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने वरिष्ठ खिलाड़ी पाली जसपाल सिंह भाटिया के नेतृत्व में स्वागत किया। यहां स्वागत मंच बनाया गया था।
विवेक का स्वागत जुलूस आगे बढ़ा तो शांतिधाम के सामने आलोक शर्मा ने अपने साथियों के साथ स्वागत किया। यहां से आगे डायवर्सन तिराहे पर भारतीय क्लब ने, ओवरब्रिज पर हनुमान धाम समिति ने स्वागत किया। यहां के बाद विवेक को खुली जीप से उतारकर बग्गी पर बिठाया गया। जयस्तंभ पर जिला हॉकी संघ ने जमकर आतिशबाजी की। यहां से जुलूस मेजर ध्यानचंद चौक पर आकर संपन्न हुआ। यहां विवेक को कंधे पर बिठाकर हॉकी खिलाड़ी खूब नाचे। यहां अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विवेक को साफा बांधकर और अभिनंदन पत्र देकर उनका अभिनंदन किया।
सेल्फी लेने का रहा क्रेज
पूरे स्वागत जुलूस में युवाओं से विवेक साथ सेल्फी लेने का खासा क्रेज रहा। विवेक ने भी किसी को निराश नहीं किया। जहां भी स्वागत हुआ, हर जगह लोगों ने उनके साथ सेल्फी ली। युवाओं को विवेक सागर के साथ सेल्फी लेने का सबसे अधिक उत्साह रहा तो उम्र दराज लोग भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने विवेक के साथ खुल की तस्वीर अपने मोबाइल कैमरे में कैद की।