इटारसी। लोकतंत्र के महान पर्व मतदान की तैयारियों को लेकर मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत कार्य में तेजी लाई गई है। इसी क्रम में, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने आज पुरानी इटारसी के वार्ड 3 स्थित बूथ क्रमांक 158 पर पहुंचकर घर-घर पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया और कार्य में सहयोग किया।
1048 में से 405 फॉर्म हुए जमा
अध्यक्ष पंकज चौरे ने बताया कि बूथ क्रमांक 158 पर कुल 1048 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक 405 मतदाताओं के फॉर्म जमा हो चुके हैं। शेष मतदाताओं के फॉर्म जमा करने का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न हो।
पुराने पते और अभिभावकों के नाम से मैपिंग
पुनरीक्षण कार्य में आ रही जटिलताओं को दूर करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जिन मतदाताओं के नाम 2003 की पुरानी मतदाता सूची में नहीं मिल रहे हैं, उनके नाम उनके पुराने पते पर, जहां वे पहले निवास करते थे, अभिभावकों के नाम के साथ ढूंढे जा रहे हैं। इसके लिए उन नगरों की मतदाता सूची डाउनलोड करके मैपिंग का कार्य किया जा रहा है, ताकि किसी भी पात्र नागरिक का नाम विलोपित न हो।
इस महत्वपूर्ण कार्य में मंडल अध्यक्ष मयंक महतो, मंडल महामंत्री अतुल शुक्ला सहित अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
अध्यक्ष ने की नागरिकों से अपील
नगर पालिका अध्यक्ष ने बूथ के नागरिकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे शीघ्रता से फॉर्म भरकर बीएलओ को प्रदान करें, ताकि पुनरीक्षण का कार्य समय पर पूरा किया जा सके।
उन्होंने जोर दिया कि यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से विलोपित न हो और साथ ही अपात्र मतदाता का नाम सूची में न रहे। अध्यक्ष ने कहा, “जो नागरिक यहां निवास करते हैं, उनका नाम मतदाता सूची में रहे, ताकि पारदर्शी लोकतंत्र की जो संकल्पना हमारे संविधान में दी है, वह जीवंत रहे।”









