इटारसी। पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक शैलेन्द्र कुमार सिंह (West Central Railway General Manager Shailendra Kumar Singh) के इटारसी आगमन पर वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने मुलाकात करके एक ज्ञापन दिया जिसमें कर्मचारियों से संबंधित अनेक मांगें रखी गयीं।
मंडल सचिव आर के यादव के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने महाप्रबंधक शैलेन्द्र कुमार सिंह से मुलाकात की और कर्मचारियों की मांग रखी। इस अवसर पर भूमेश माथुर, भगवती प्रसाद वर्मा, सरताज हुसैन, महाकालेश्वर कश्यप, कुंदन अगलावे, अशोक दुबे सहित अनेक संघ कार्यकर्ता उपस्थित थे।
ये मांगें रखी और शिकायतें कीं
वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (Senior Divisional Operations Manager) पर संघ नेताओं के मनमाने तरीके से स्थानांतरण की शिकायत की। इसके अलावा बताया कि मंडल द्वारा भेजे गये पिछले क्रू रिव्यू में से मुख्यालय द्वारा 9 पदों को सिरेंडर करने से सीएलआई पर कार्य अधिक हुआ, साथ ही मंडल के घोषित पैनल में 6 सीएलआई की पदस्थापना शेष रह गयी। ट्रैक मशीन आपरेटर की मानिटरिंग हेतु कोई पद नहीं मिला, मंडल द्वारा दो पदों हेतु प्रस्ताव मुख्यालय भेजा है, स्वीकृत किया जाए।
इसी तरह से रेलवे कालोनी की जर्जर हाल व्यवस्था, सीवर लाइन की खराबी, सड़कों की खराबी, मेंटेनेंस स्टाफ की उपलब्धता, कोविड की तीसरी लहर के मद्देनजर रेलवे अस्पतालों में वेंटीलेटर्स, चाइल्ड नर्सिंग होम से अनुबंध जल्द कराने की मांग की गई। डीजल लोको शेड से सीएमएस भेजना बंद करने के कारण टीआरएस में नियुक्त प्रशिक्षु सीएमएस से सर्टिफिकेशन कराया जा रहा है जो सुरक्षा हेतु उचित नहीं है। टीआरएस में चार पद स्वीकृत हैं और चारों रिक्त हैं, जबकि मुख्यालय स्तर पर सभी पद स्वीकृत कर भरे जा चुके हैं, केवल पिन पाइंट के अनुसार पोस्टिंग की आवश्यकता है, टीआरएस में नियुक्त प्रशिक्षु सीएमएस को डीजल लोको शेड भेजकर प्रॉपर प्रशिक्षण दिया जाये। जबलपुर-खंडवा मेल/एक्सप्रेस संचालन, वंदना हाल में रेलकर्मी और परिवार के वैक्सीनेशन की अलग व्यवस्था जैसी मांगें शामिल हैं।








