इटारसी। प्रस्तावित चाणक्य चौक के सौंदर्यीकरण का काम जल्द ही शुरू होने वाला है। विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने आश्वासन दिया है कि इस कार्य के लिए जल्द ही आर्किटेक्ट की सेवाएं ली जाएंगी।
यह घोषणा तब हुई, जब ब्राह्मण समाज इटारसी के प्रतिनिधि अशोक दुबे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में अनिरुद्ध शुक्ला, राजकुमार दुबे, अनिल दीवान और श्रीकांत तिवारी शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि नगर पालिका परिषद द्वारा डेढ़ साल पहले रेस्ट हाउस चौराहे का नाम बदलकर चाणक्य चौक तो कर दिया था, लेकिन इसके बाद से कोई निर्माण या सौंदर्यीकरण का कार्य नहीं हुआ है, जिससे यह चौक अभी तक पूरी तरह अस्तित्व में नहीं आ पाया है।
इस पर विधायक डॉ. शर्मा ने कहा कि चौक को भव्य और सुंदर स्वरूप देने के लिए आर्किटेक्ट की मदद ली जाएगी और उनके दिशा-निर्देशों के अनुसार ही इसका कायाकल्प किया जाएगा। विधायक के इस आश्वासन के बाद, नगर अध्यक्ष अशोक दुबे ने उनका आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे स्टेशन के सामने स्थित हनुमान मंदिर की मढिय़ा को विस्थापित करने के कार्य की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस कदम से यातायात की समस्या का समाधान होगा।
इस मुलाकात के दौरान, मुकेश पाराशर, कुलभूषण मिश्रा, अनिरुद्ध चंसोरिया, सीके शर्मा, सुभाष पटेरिया, सुशील शर्मा, ललित तिवारी, संतोष दीवान, हरिशंकर तिवारी, ओमप्रकाश दुबे, सुनील शर्मा, ओपी दुबे, संदेश रिछारिया, आशुतोष दुबे, मुकुंद दुबे और महेंद्र पचौरी सहित कई अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।









