इटारसी। मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान पर बने एक निम्न दाब के कारण राज्य के कई हिस्सों में आगामी 24 घंटों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है। यह मौसमी प्रणाली धीरे-धीरे कमजोर होकर दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ रही है।
वर्तमान मौसमी परिस्थितियां
निम्न दाब क्षेत्र : दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान पर बना अवदाब (डिप्रेशन) धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है और इसके अगले 12 घंटों में एक निम्न दाब क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इसके बाद यह उत्तर-पूर्व अरब सागर की ओर बढ़ेगा।
मानसून ट्रफ : मानसून ट्रफ लाइन इस समय दक्षिणी-पूर्वी पाकिस्तान पर बने अवदाब के केंद्र से होकर जोधपुर, देवमाली, बाराबंकी, छपरा, पुरुलिया, और दीघा होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।
ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण : दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर 4.5 किमी की ऊंचाई पर एक चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है।
मौसम का पूर्वानुमान
भारी बारिश और गरज-चमक : सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, छिंदवाड़ा, सिवनी, और बालाघाट जैसे जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना है।
गरज-चमक के साथ बौछारें : भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, खरगौन, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, और गुना सहित कई अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं।
पिछले 24 घंटों का हाल
बीते 24 घंटों में, भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन, और ग्वालियर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं, जबकि रीवा और जबलपुर संभागों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई।
तापमान की स्थिति
पिछले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमानों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। इंदौर और उज्जैन संभागों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा, जबकि बाकी संभागों में यह सामान्य के आसपास बना रहा।








