इटारसी। मध्य प्रदेश को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए, प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में विदेशी पर्यटकों का पुन: आगमन हुआ है। यह आगमन 11 से 13 अक्टूबर तक भोपाल में आयोजित हो रहे मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रतिष्ठित ट्रेवल मार्ट के अंतर्गत हुआ। फ्रांस, यूके, थाईलैंड और फिनलैंड जैसे विविध देशों के प्रतिनिधिमंडल को राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जा रहा है। इसी तारतम्य में इन विदेशी अतिथियों ने आज ‘सतपुड़ा की रानी’ कहे जाने वाले पचमढ़ी में दस्तक दी, जहां उनका स्वागत किया।
स्थानीय संस्कृति से भव्य स्वागत
विदेशी अतिथियों का स्वागत सत्कार भारतीय परंपरा और स्थानीय संस्कृति के अनुसार किया गया। होटल ग्लेनव्यू में क्षेत्रीय प्रबंधक एयू खान के मार्गदर्शन में, ग्लेन व्यू प्रबंधक आलोक सक्सेना, नीलांबर स्काईलाइन प्रबंधक अनिल राय, हाइलैंड प्रबंधक संदीप वघेला, और अमलतास प्रबंधक ज्योति जैसवाल ने उनका स्वागत किया। अतिथियों को तुलसी माला और पुष्प गुच्छ भेंट किए, साथ ही स्थानीय आदिवासी संगीत व नृत्य के साथ उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया।
पचमढ़ी के प्रमुख आकर्षणों का भ्रमण

विदेशी अतिथियों को पचमढ़ी के सबसे मनमोहक पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया। उन्होंने बायसन लॉज, धूपगढ़, बी फाल, महादेव मंदिर, जटा शंकर, पांडव गुफा और पर्यटक गांव की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक महत्व को करीब से देखा। इसके अलावा, प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन निगम की प्रमुख इकाइयां जैसे चंपक बंगला, नीलाम्बर स्काइलाइन, अमलतास, सतपुड़ा रिट्रीट, होटल हाइलैंड, रॉक एंड मैनर, देवदारु-कर्णिकार बंगला का भी भ्रमण किया। सभी इकाइयों में अतिथियों का भारतीय परंपरानुसार स्वागत कर उन्हें स्थानीय स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ़ उठाने का अवसर मिला।
पर्यटन सेवाओं की सराहना, ग्लोबल पहचान का लक्ष्य
पर्यटन निगम पचमढ़ी की इकाइयों में हुए स्वागत और प्रदान की जा रही उत्कृष्ट सेवाओं से विदेशी पर्यटक बेहद आनंदित हुए और उन्होंने सुखद अनुभूति व्यक्त की। विदेशी अतिथियों द्वारा मध्य प्रदेश पर्यटन द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं की बेहद सराहना की गई और पर्यटन निगम परिवार को धन्यवाद दिया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक ए यू खान ने बताया कि विगत वर्षों में पचमढ़ी में विदेशी पर्यटकों का आगमन कम हुआ था। इसी को ध्यान में रखते हुए, पर्यटन निगम ने विदेशी पर्यटकों को सीधे मध्य प्रदेश में आमंत्रित किया है ताकि पचमढ़ी के साथ-साथ प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों में विदेशी पर्यटकों के आगमन में वृद्धि हो और प्रदेश के पर्यटन स्थलों को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल सके। इस तरह के ‘फेम टूर’ से मध्य प्रदेश पर्यटन को दुनिया के सामने एक आकर्षक और सुरक्षित गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी।









