इटारसी। सभापति मनजीत कलोसिया को अपनी वार्ड में पाइप लाइन डलवाने के लिए अपनी ही परिषद के खिलाफ धरने पर बैठना पड़ा। लगातार जल विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों से अनुनय-विनय के बाद आखिरकार उन्होंने आंदोलन का रास्ता अपनाया और अपने साथियों के साथ अपनी ही परिषद के कामकाज के खिलाफ धरने पर बैठे। उनके वार्ड में ट्यूबवेल खनन हुए डेढ़ माह हो गये, लेकिन उसे पाइप लाइन से नहीं जोड़ा गया। कई बार अधिकारियों से गुहार के बावजूद जब सुनवाई नहीं हुई तो आखिरकार आज उन्हें धरना देना पड़ा।
धरने के बाद आखिरकार मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती ऋतु मेहरा, जल विभाग के प्रभारी उपयंत्री आदित्य पांडेय, रविन्द्र जोशी अपने विभागीय कर्मचारियों के साथ धरना स्थल नगर पालिका के ओवरब्रिज के नीचे बने आफिस के सामने पहुंचे और आज ही काम प्रारंभ करने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। इसके बाद जल विभाग की टीम वार्ड में पहुंची और काम भी प्रारंभ करा दिया गया।
नगरपालिका के खिलाफ धरने पर बैठे सभापति/पार्षद मनजीत कलोसिया ने बताया कि डेढ़ माह पहले आंबेडकर नगर में खुदे ट्यूबबेल में अभी तक पाइपलाइन नहीं जोड़ी गई। नपा की लापरवाही और झूठे दिलासों से नाराज होकर ही उन्होंने आज वार्डवासियों के साथ धरना दिया था।








