सोहागपुर निवासी परिवार ने लिया अंगदान का महाफैसला
सोहागपुर। नगर का 23 साल का अनमोल जैन एक दुर्घटना का शिकार हो गया। इस दुनिया से जाते-जाते अनमोल ने कई लोगों को जिंदगी का अनमोल तोहफा दे गया। अनमोल भले ही अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन उसका दिल अहमदाबाद में धड़केगा और लिवर इंदौर के एक मरीज को नया जीवन देगा। ब्रेन-डेड अनमोल जैन के परिवार ने अनमोल के अंग दान करने का फैसला लिया इससे 5 लोगों को नई जिंदगी मिलेगी।
नर्मदापुरम के सोहागपुर निवासी अनमोल जैन के अंगों को सुरक्षित मरीजों तक पहुंचाने आज भोपाल में तीन ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए थे। पहला कॉरिडोर सिद्धांता हॉस्पिटल से एयरपोर्ट तक बना। इससे अनमोल के हार्ट को अहमदाबाद ले जाया गया। दूसरा ग्रीन कॉरिडोर सिद्धांत अस्पताल से चिरायु अस्पताल तक बनाया, जिसमें किडनी ले जायी गयी और तीसरा कॉरिडोर लिवर के लिए बनाया जिसे सिद्धांत अस्पताल से इंदौर ले जाया गया। यह पहली बार है कि भोपाल में एक साथ तीन ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए।
बता दें कि अनमोल जैन 23 साल के थे और 17 नवंबर को सड़क दुर्घटना में चोटिल हुए थे। डॉक्टर्स ने ब्रेन डेड घोषित कर दिया था। अनमोल के परिजनों ने अंग दान का फैसला लिया। इस दुनिया से गया अनमोल कई परिवारों की जिंदगी को रोशन कर गया।