इटारसी। ग्राम पंचायत जमानी में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जमानी सहित आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान नारी शक्ति के सम्मान में भावुक दृश्य देखने को मिले, जहां जनप्रतिनिधियों और अतिथियों द्वारा ग्रामीण महिलाओं का पूजन और वंदन किया गया।
सम्मान और पुरस्कार वितरण
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस अवसर पर जनपद सदस्य सुखराम कुमरे ने उपस्थित सभी महिलाओं की आरती उतारकर और तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया। सारिका ठाकुर एवं अन्य अतिथियों ने महिलाओं को फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया। विशेष उपलब्धि के तौर पर, पल्लवी यादव को मिट्टी के गणेश बनाने की कला के लिए पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण विकास में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही है।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आशा मौर्य उपस्थित रहीं। डॉ. करोलिन जेम्स मेहता, वीना, और जन अभियान परिषद केसला के ब्लॉक समन्वयक विवेक मालवीय ने विचार साझा किए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में नवांकुर अध्यक्ष, सचिव महिमा इरपाचे, अंकित कुमरे और ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष विनोद उईके का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर आचार्य सत्यप्रिय, सचिव स्व-सहायता समूह, समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह की सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। सुखराम कुमरे एवं उनकी टीम ने सभी का आभार व्यक्त किया।









