- समाजवादी जनपरिषद ने किया ब्लॉक इकाई का गठन, गुलियाबाई बनीं अध्यक्ष
इटारसी। केसला विकासखंड में शोषितों और वंचितों के अधिकारों की आवाज़ को मजबूत करने के लिए समाजवादी जनपरिषद की नई ब्लॉक इकाई का गठन किया है। इस संगठन ने राजनीति में महिलाओं को सशक्त भूमिका देते हुए गुलियाबाई को केसला इकाई का अध्यक्ष चुना है। गठन प्रक्रिया चुनाव अधिकारी फागराम की उपस्थिति में हुई।
नई टीम में महिला नेतृत्व हावी
नवगठित केसला इकाई की कमान मुख्य रूप से महिलाओं के हाथ में सौंपी गई है, जो क्षेत्र में जनपरिषद की पैठ को दर्शाती है। कार्यकारिणी में अध्यक्ष गुलियाबाई, उपाध्यक्ष रावलसिंह, महामंत्री कपिल खण्डेलवार, सदस्य शांतिबाई, बिसतोरीबाई, लक्ष्मीबाई, अर्चनाबाई, सुगनतीबाई, पूनम उईके, ममता चौहान, रिंकीबाई, हरिराम बारस्कर, वंश गोपाल, शंकर और रेशम शामिल हैं।
भाजपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
नव निर्वाचित अध्यक्ष गुलियाबाई ने पदभार संभालने के बाद कांग्रेस और भाजपा दोनों ही प्रमुख दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभी तक कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों ने गरीबों, दलितों व शोषितों का केवल उपयोग किया है। उनके हक और अधिकार की लड़ाई कभी नहीं लड़ी। इसलिए आज समय आ गया है कि महिलाएं आगे आएं। आज गरीबों और शोषितों को अपनी राजनैतिक ताकत बनाने की सख्त आवश्यकता है। उनका यह बयान केसला क्षेत्र में एक नए राजनीतिक विकल्प के उदय का संकेत देता है, जो पारंपरिक दलों को चुनौती देगा।
वन अधिकार दावों पर तत्काल कार्रवाई की मांग
इस दौरान किसान आदिवासी संगठन/समाजवादी जनपरिषद की मासिक बैठक भी हुई, जिसमें क्षेत्रीय और ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में सबसे गंभीर मुद्दा लंबित पड़े वन अधिकार दावों का रहा। आदिवासी नेताओं ने चिंता व्यक्त की कि दावों पर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है, जिसके कारण वन विभाग द्वारा दावेदारों को परेशान किया जा रहा है। संगठन ने जल्द ही इस मामले को लेकर प्रशासन से बात करने और वन अधिकार दावों पर कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की है।








