इटारसी। नर्मदापुरम कलेक्टर सोनिया मीना के मार्गदर्शन और महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में विशेष गतिविधियों का शुभारंभ किया गया। नारी हर क्षेत्र में अग्रणी थीम पर आधारित यह अभियान 6 से 10 मार्च तक संचालित होगा। शुक्रवार को इटारसी में बालिकाओं और महिलाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण एवं निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया।
मार्शल आर्ट और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण
जीवोदय संस्था में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। श्रीमती आरती शर्मा (स्पोर्ट्स कौशल विकास) के सहयोग से आयोजित इस सत्र में जीवोदय बालिका गृह और आंगनवाड़ी क्षेत्र की बाल सुरक्षा समिति की 41 बालिकाओं व महिलाओ ने हिस्सा लिया।
- प्रशिक्षण के मुख्य बिंदु : मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया गया और आपात स्थिति में आत्मविश्वास के साथ कदम उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
- सतर्कता : प्रतिभागियों को अपने आसपास के वातावरण को पहचानने, सतर्क रहने और भय की स्थिति में व्यवहारिक कौशल का उपयोग करने की जानकारी दी गई।
- स्वास्थ्य जांच शिविर : 162 हितग्राहियों का परीक्षण
डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. आरके चौधरी के सहयोग से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरानी इटारसी में निशुल्क शिविर लगाया गया। डॉ. शंभवी पालीवाल, डॉ. शिल्पा साहू और उनकी टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य की जांच की। शिविर में लैब से संबंधित कुल 162 हितग्राहियों की निशुल्क जांच की गई और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।
फिट इंडिया और सशक्तिकरण पर जोर
प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती दीप्ति शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट का लक्ष्य महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और शारीरिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे समाज में अपनी सुरक्षा के प्रति सजग होती हैं।
कार्यक्रम में पर्यवेक्षक अर्चना बस्तवार, रेखा चौरे, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, जीवोदय संस्था की ओर से सिस्टर क्लारा, पीटर लासदो, सिस्टर प्रमिला, सिस्टर ज्योति, मोनिका गोस्वामी और भूरेलाल धुर्वे सहित स्थानीय नागरिक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।









