इटारसी। ग्राम तारारोड़ा में आयोजित शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (बालक इकाई) के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरा दिन रविवार, 15 मार्च को उत्साहपूर्ण गतिविधियां हुईं।
प्रात: कालीन सत्र में योग, पीटी और लक्ष्य गीत के पश्चात स्वयंसेवकों ने ग्राम में मतदाता जागरूकता रैली निकाली। सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो और उम्र 18 पूरी है, मत देना जरूरी है, जैसे नारों के साथ स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को राष्ट्र निर्माण में एक वोट की अहमियत समझाई।
जिला संगठक डॉ. खत्री ने की सराहना
आज शिविर का विशेष आकर्षण एनएसएस जिला संगठक डॉ. डीएस खत्री का औचक निरीक्षण रहा। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आशुतोष मालवीय के मार्गदर्शन में चल रही गतिविधियों की सराहना की। डॉ. खत्री ने स्वयंसेवकों को समाज सेवा के माध्यम से राष्ट्र गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
बौद्धिक सत्र : बचत और निवेश के गुर
द्वितीय सत्र के दौरान वाणिज्य विभाग के सह-प्राध्यापक सुरेश कुमार गुप्ता ने वित्तीय साक्षरता विषय पर महत्वपूर्ण व्याख्यान दिया। उन्होंने अर्थशास्त्र के मांग और आपूर्ति के सिद्धांत को सरल शब्दों में समझाते हुए आय के विभिन्न स्रोतों और खर्च प्रबंधन पर प्रकाश डाला। श्री गुप्ता ने स्वयंसेवकों को भविष्य के लिए एफडी और म्यूचुअल फंड, सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड, तथा डिजिटल वित्तीय अपराधों से बचाव की तकनीकी जानकारी दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और ग्रामीण जन उपस्थित रहे, जिन्होंने वित्तीय प्रबंधन के गुर सीखे।









