फसल, कृषि उपकरण जले, लाखों का नुकसान
इटारसी। एक दिन से अंतराल के बाद पुन: नरवाई की आग ने मूंग के खेत जला दिए। दो दिन पूर्व चिल्लई-रूपापुर में मूंग के खेत नरवाई की आग की भेंट चढ़ गए थे तो आज दोपहर करीब 2 बजे कांदई से चली आग तेजी से बढ़ते हुए नांदनेर तक जा पहुंची और करीब चार किसानों की मूंग की फसल जला दी। फसल के साथ ही कृषि संबंधी उपकरण भी जले हैं जिसमें किसानों को लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है।
सरपंच प्रदीप दुबे ने कहा कि किसानों का बड़ा नुकसान हुआ है। जब तक इटारसी नगर पालिका की दमकल पहुंचती, आग बड़े हिस्से में फैल चुकी थी। इटारसी की दमकल ने भी आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया लेकिन हवा तेज़ थी और पानी भी कम पड़ गया। आग से करीब चार किसानों की मूंग की फसल, बसंत चौरे खेत में बनी टपरिया में रखे करीब 70-80 पाइप, वायर, स्टार्टर जल गए तो भगवती के खेत में बनी टपरिया जलकर राख हो गई।
सरपंच श्री दुबे ने कहा कि नगर पालिका की गाड़ी जब तक आती है, काफी देर हो चुकी होती है। अब तो प्रशासन को ग्राम पंचायत स्तर पर ही पानी के टैंकरों को फायर फायटर बनाकर ऐसा कुछ इंतजाम करना चाहिए कि आग को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि इसके लिए फरवरी से ही तैयारी करनी चाहिए और सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक इस पर निगरानी रखकर गर्मी भर मुस्तैद रहें। उन्होंने कहा कि कई किसान मूंग की फसल के लालच में जल्दबाजी में भूसा मशीन खेत में उतार रहे हैं जो आगजनी का कारण बन रही है। इसी तरह इस बार तो हार्वेस्टर भी आगजनी का कारण बने हैं।
कांदई से चली नरवाई की आग पहुंची मूंग के खेत में
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








