आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम
होशंगाबाद। जिले के किसी भी गांव में अचानक अधिकारियों की टीम पहुंचेगी और मैदानी अमला कितना मुस्तैदी से काम कर रहा है, इसकी जानकारी ली जाएगी। यह टीम आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत गांव में जाकर पहले पांच घंटे गांवों का दौरा करके व्यवस्थाओं पर नजर दौड़ाएगी और फिर गांव में शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएगी। इस टीम का नेतृत्व स्वयं कलेक्टर करेंगे।
आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत कलेक्टर के नेतृत्व में अधिकारियों का दल द्वारा आकस्मिक रूप से गांव का भ्रमण एवं आमजन की समस्या निराकरण हेतु शिविर लगायेगा। प्रदेश सरकार की मंशा प्रशासन, शासन को ग्रामीणों नागरिकों के और करीब ले जाना है। इसके माध्यम से ग्रामीणों की समस्या, शिकायतों का निवारण, मौके पर ही करके लोगों की विकास संबंधी मांगें प्राप्त करना, उन्हें पूरा करना और प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। जिस गांव में कलेक्टर के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम जायेगी उस गांव का नाम गोपनीय रहेगा। कलेक्टर ने जिले के गांव जो चिन्हित किये हैं इन गांवों में निर्धारित तारीखों में दल जायेगा और प्रात: 9 बजे से 1 बजे तक ग्राम में रहकर ग्रामीणों से चर्चा उपरांत निर्धारित स्थल पर दोपहर 2 बजे शिविर लगेगा। दोपहर 2 बजे से आरंभ होने वाले शिविर की अवधि में आवेदकों की सुनवाई और उनके आवेदनों के प्राप्त करेंगे। शिविर में अधिकारी यह प्रयास करेंगे कि सभी प्रकरणों का निराकरण उसी दिन कर दिया जाए भले ही शिविर देर रात तक चले।
निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 22 फरवरी 2020 को विकासखंड सोहागपुर के एक ग्राम में दल प्रात: 9 बजे पहुंचेगा और दोपहर 1 बजे तक रहेगा। शिविर दोपहर 2 बजे से ग्राम पंचायत शोभापुर में लगेगा। 26 को विकासखंड होशंगाबाद के ग्राम में दल जायेगा और शिविर ग्राम पंचायत भवन उन्द्राखेड़ी में लगेगा। 18 मार्च को केसला विकासखंड के ग्राम में दल जायेगा और तिलकसिंदुर में शिविर लगेगा। 8 अप्रैल को विकासखंड सिवनी मालवा के ग्राम में दल पहुंचेगा और शिविर ग्राम पंचायत भवन लोखरतलाई में तथा विकासखंड पिपरिया के किसी एक ग्राम में दल 29 अप्रैल को प्रात: 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा। दोपहर 2 बजे से कृषि उपज मंडी प्रांगण पिपरिया में शिविर लगेगा। 5 मई को विकासखंड बनखेड़ी के ग्राम में दल पहुंचेगा और शिविर मंडी प्रांगण बनखेड़ी तथा विकासखंड बाबई के चिहिन्त ग्राम में दल 21 मई को पहुंचेगा और शिविर मंडी प्रांगण बाबई में लगेगा।
गांवों में अचानक पहुंचेगी जिला अधिकारियों की टीम


Rohit Nage
Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.
For Feedback - info[@]narmadanchal.com






