---Advertisement---

जैन जनरल स्टोर की सील, नपा ने की बड़ी कार्रवाई

By
On:
Follow Us

अतिक्रमण मामला
इटारसी। नगर पालिका ने आज अतिक्रमण करने वाले दुकानदार पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की। लगातार चेतावनी, जुर्माना के बावजूद अपनी हद से बाहर रोड पर सामान रखने के मामले में नपा के राजस्व और अतिक्रमण अमले ने जैन जनरल स्टोर को सील कर दिया। दुकान सील करने से बचाने के लिए दुकान संचालकों ने अधिकारियों के आगे काफी मन्नतें की और माफी मांगी, लेकिन नपा के अमले पर उनके इस तरीके का कोई असर नहीं पड़ा और शाम को दुकान सील कर दी गई।
शुक्रवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने जैन जनरल स्टोर का आवंटन निरस्त करके संबंधित को नोटिस भेज दिया था। दुकानदार को लगातार नगर पालिका की ओर से नोटिस दिए जा रहे थे, अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान मौखिक चेतावनी भी दी जा रही थी। बावजूद इसके दुकानदार ने कभी न तो नपा के नोटिस को गंभीरता से लिया और ना ही चेतावनी का उस पर कोई असर नहीं पड़ा। आखिरकार नपा को दुकान आवंटन निरस्त करने का कदम उठाना पड़ा।
it090517 (1)पांच फुट की दुकान, 15 पर कब्जा
कमला नेहरु पार्क से सटकर भारत टाकीज रोड पर जैन जनरल स्टोर है, दुकान करीब पांच फुट गहरी है, लेकिन इनका करीब पंद्रह फुट पर कब्जा रहता है। दुकान से बाहर दस फुट और सामान रखकर यह कारोबार अपना व्यापार करता है। एक दुकानदार के बाहर तक सामान रखने से अन्य व्यापारी भी ऐसा ही कर रहे थे और इनके इस कृत्य से सड़क संकरी होकर आवागमन प्रभावित होता था। इनके दस फुट बाहर आने के बाद इनके ग्राहक अपने वाहन रखते थे तो इनका कारोबार आधी सड़क पर होने लगा था। इन हालात में इस रोड पर आवागमन की व्यवस्था चरमरा रही थी।
कई बार हो चुका है जुर्माना
जैन जनरल स्टोर की लगातार तीन दुकानें हैं, जिनको खोलकर एक करके कमल जैन नामक व्यापारी अपना कारोबार कर रहा था। इनके द्वारा लगातार सड़क पर सामान रखकर कारोबार करने के मामले में नगर पालिका ने दो दर्जन से अधिक बार जुर्माना किया है। लगातार चेतावनी के बावजूद इस व्यापारी ने कभी चेतावनी और जुर्माना को गंभीरता से नहीं लिया। नगर पालिका के अलावा जैन जनरल स्टोर के संचालक को समझाने और चेतावनी देने वाले करीब आधा दर्जन एसडीएम बदल गए और एसडीएम द्वारा दी गईं चेतावनी का भी कोई असर इन पर नहीं पड़ा।
नहीं होता था कोई असर
जैन जनरल स्टोर के संचालक कमल जैन को अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान सीएमओ और एसडीएम कई बार चेता चुके हैं। कई बार सामान भी जब्त किया गया और जुर्माने लगाए। जब सामान जब्ती होती थी तो कमल जैन ने मा$फी आदि मांगकर अपने खिलाफ हो रही कार्रवाई रुकवाई तो कई बार शहर के सम्मानीय लोगों की गारंटी पर नगर पालिका ने सामान वापस किया। कई बार मा$फी मांगने और नपा द्वारा रियायत बरतने पर भी कमल जैन ने अपनी मनमानी करना नहीं छोड़ा। नपा द्वारा की गई किसी कार्रवाई का कमल जैन पर कोई असर नहीं होता था।
दो घंटे में हुई दुकान सील
नगर पालिका का अमला जब शाम 5 बजे जैन जनरल स्टोर पहुंचा तो पूरा परिवार एकसाथ इकटठा हो गया और फिर वही माफी वाला पुराना तरीका अपनाने लगे। दुकान सील करने पहुंचे अतिक्रमण अमला प्रभारी आरके तिवारी, राजस्व निरीक्षक संजय दीक्षित, सहायक राजस्व निरीक्षक संजीव श्रीवास्तव ने उनकी एक न सुनी। जिस वक्त अमला पहुंचा तब भी सामान रोड तक फैला था। सामान दुकान के भीतर करने में करीब दो घंटे का वक्त लगा। जब सारा सामान दुकान के भीतर हो गया तो नपा के अमले ने दुकान सील करने की कार्रवाई की जिसमें 2 घंटे लगे।
इनका कहना है…!

लगातार चेतावनी के बावजूद संबंधित दुकानदार अपनी मनमानी पर उतारू था। कई अवसर दिए गए। नोटिस, चेतावनी के बाद आखिरकार दुकान आवंटन निरस्त किया और आज दुकान सील करने की कार्रवाई की गई। अतिक्रमण के मामले में आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
सुरेश दुबे, सीएमओ

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel
error: Content is protected !!
Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.