विधायक डॉ शर्मा की ड्रीम प्रोजेक्ट वाली रोड इटारसी के भौगोलिक विकास की नई परिभाषा लिखेगी
इटारसी। भाजपा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीतासरन शर्मा के ड्रीम प्रोजक्ट में शामिल श्री बूढ़ी माता मंदिर मालवीयगंज से डोलरिया मुख्य रोड के बीच मौजूद कच्ची सड़क अब पक्की होने जा रही है। यह रोड 1 करोड़ 47 लाख रुपए की लागत से बनेगी। डेढ़ किलोमीटर लंबी ये रोड 7.50 मीटर चौड़ी बनेगी। इसमें 900 मीटर लंबाई में डामरीकरण और 600 मीटर लंबाई में सीमेंट कांक्रीट रोड बनेगी। ये सड़क कई मायनों में खास इसलिए है, क्योंकि शहर के आधे हिस्से मालवीयगंज, सूरजगंज, गांधीनगर, बैंक कॉलोनी, न्यास कॉलोनी, नई गरीबी लाइन, मुख्य बाजार, सोनासांवरी गांव से लेकर नेशनल हाईवे 69 पर पहुंचने में डोलरिया रोड से आने वाले नागरिकों के अलावा यहां मौजूद गांव भीलाखेड़ी, धुरपन, बीसारोड़ा के अलावा अन्य आधा दर्जन गांव के नागरिकों को इटारसी के इस हिस्से में आने में काफी सुविधा होगी। सबसे ज्यादा फायदा विद्यार्थियों को भी होने वाला है, उनके लिए सरस्वती स्कूल, एमजीएम कॉलेज, गल्र्स कॉलेज, वर्धमान स्कूल, नालंदा स्कूल, जीनियस प्लानेट स्कूल, सब्जी मंडी, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी सरकारी अस्पताल की दूरी कम हो जाएगी। वहीं धार्मिक स्थल श्री बूढ़ी माता मंदिर और स्वप्नेश्वर हनुमानधाम मंदिर पहुंचना भी आसान होगा।
कॉलोनी, वेयरहाउस, स्कूल, बाजार खुल सकेंगे
आवागमन के अलावा सबसे महत्वपूर्ण कार्य जो इस रोड से हो सकता है वह यह है कि इटारसी जो फोरलेन और अब रेलवे लाइन पवारखेड़ा से जुझारपुर अप डाउन प्रोजेक्ट के कारण पूर्व दिशा की सनखेड़ा की ओर सिमटा हुआ नजर आ रहा है। दक्षिण दिशा में पथरोटा, सीपीई और दक्षिण पश्चिम दिशा में नया यार्ड, रेलवे कॉलोनी होने के कारण इन स्थानों पर विकास की संभावना खत्म हो गई थी। वह विकास इस क्षेत्र में संभव हो सकेगा। यहां नई कॉलोनियों बन सकती हैं, कॉलोनियों के साथ नए बाजार, स्कूल, अस्पताल के रास्ते भी खुल सकते हैं।
नवंबर में हो जाएगा कार्य पूर्ण
लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर एके मेहतो के मुताबिक रोड का निर्माण 30 नवंबर तक पूर्ण हो जाएगा। अभी कोरोना के कारण 22 मार्च से कार्य बंद है, लेकिन अभी बरसात के पहले कुछ कार्य कर लिया जाएगा। जैसे ही बरसात खत्म होगी, काम में तेजी लाकर नवंबर में काम पूर्ण हो जाएगा।
– डेढ़ करोड़ से बन रही श्रीबूढ़ी माता मंदिर से डोलरिया रोड


Rohit Nage
Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.
For Feedback - info[@]narmadanchal.com







